– 14 विभागों में मानक क्लबों का गठन
– इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी शिक्षा में क्वालिटी एवं मानकीकरण को मिलेगा बढ़ावा
रुड़की। आईआईटी रुड़की देश का पहला प्रौद्योगिकी संस्थान बन गया है जहां मानक क्लबों की स्थापना की गयी है। आईआईटी रुडकी ने भारतीय मानक ब्यूरो के साथ मिलकर संस्थान में मानक क्लबों की स्थापना की है। संस्थान के 14 विभागों में मानक क्लबों की स्थापना की गयी है। इन क्लबों के गठन से शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में क्वालिटी, सिक्योरिटी और स्टैंडर्ड को प्रोत्साहन मिलेगा। इन क्लबों के माध्यम से छात्रों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकीकरण रूपरेखाओं में जानकारी प्राप्त हो सके।
आईआईटी ने मानक क्लबों के गठन के संबंध में मीडिया को जानकारी उपलब्ध कराई है। आइआइटी रुड़की के निदेशक प्रोफेसर कमल किशोर पंत ने मीडिया को बताया कि 14 विभागों में मानक क्लब स्थापित करने वाला पहला आइआइटी होना शिक्षा और अनुसंधान में उत्कृष्टता के लिए संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह पहल न केवल छात्रों को उद्योग-संबंधित कौशल से लैस करेगी बल्कि वैश्विक मानकीकरण प्रयासों में भारत की स्थिति को भी मजबूत करेगी।
उन्होंने बताया कि बीआईएस के अधिकारियों ने गत वर्ष 10 दिसंबर को आइआइटी रुड़की का दौरा किया था। जिससे छात्रों और सलाहकारों के साथ औपचारिक रूप से बातचीत की जा सके और शोध, शिक्षा एवं उद्योग में मानकीकरण के महत्व के बारे में बहुमूल्य जानकारी प्रदान की जा सके। उन्होंने बताया कि बीआईएस के महानिदेशक प्रमोद कुमार तिवारी 27 फरवरी को आइआइटी रुड़की में इन 14 मानक क्लबों का उद्घाटन करेंगे।
संस्थान के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग के बीआईएस चेयर प्रोफेसर दीपक खरे ने कहा कि मानकीकरण में आइआइटी रुड़की की सक्रिय पहल शैक्षणिक संस्थानों के लिए एक मॉडल के रूप में कार्य करती है। विविध विषयों के छात्रों को शामिल करके संस्थान नवाचार, गुणवत्ता वृद्धि और आर्थिक विकास के उत्प्रेरक के रूप में मानकों की व्यापक समझ को बढ़ावा दे रहा है।

वहीं, बीआईएस के महानिदेशक प्रमोद कुमार तिवारी ने कहा कि आईआईटी रुड़की का मानकीकरण के प्रति अग्रगामी दृष्टिकोण शैक्षणिक संस्थानों के लिए उच्च मानक स्थापित करता है। शैक्षणिक संस्थानों में बीआईएस द्वारा मानक क्लबों की स्थापना की जा रही है। जिसका उद्देश्य जीवन की गुणवत्ता में सुधार के लिए मानकों के महत्व के बारे में समाज के युवा सदस्यों को जागरूक करना है।
आईआईटी रुड़की के इन विभागों में स्थापित किए हैं मानक क्लब
आइआइटी रुड़की के सिविल इंजीनियरिंग, जल विज्ञान, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार इंजीनियरिंग, मैकेनिकल एवं औद्योगिक इंजीनियरिंग, भूकंप इंजीनियरिंग, भू-विज्ञान, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, धातुकर्म एवं सामग्री इंजीनियरिंग, जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन, डिजाइन, रासायनिक इंजीनियरिंग, पॉलिमर एवं प्रक्रिया इंजीनियरिंग, जल एवं नवीकरणीय ऊर्जा (एचआरईडी), कंप्यूटर विज्ञान एवं इंजीनियरिंग में मानक क्लब स्थापित किए गए हैं।

