Homeक्राइमयुवती से बातचीत बनी जानलेवा, चाकू से हमले में 22 वर्षीय युवक...

युवती से बातचीत बनी जानलेवा, चाकू से हमले में 22 वर्षीय युवक की मौत

 सिरसा : इलाके के वार्ड 29 में एक युवती से बातचीत को लेकर शुरू हुआ विवाद एक युवक की जान पर भारी पड़ गया। संजय कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय संदीप कुमार पर सोमवार की रात दो युवकों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पेट, पीठ और हाथ पर गंभीर चोटें आने के कारण मंगलवार सुबह इलाज के दौरान संदीप ने दम तोड़ दिया। मृतक एक क्रोकरी की दुकान पर काम करता था और अपने परिवार का इकलौता चिराग था।

अस्पताल में मरने से पहले रिकॉर्ड हुआ ‘डाइंग डिक्लेरेशन’ वीडियो

संदीप के परिजनों ने एक बड़ा दावा करते हुए बताया कि अस्पताल में जब संदीप जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा था, तब उसने हमलावरों के नाम उजागर किए थे। परिजनों ने इसका एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया है, जिसमें संदीप एक युवती का नाम लेते हुए उसके भाई पर हमले का आरोप लगा रहा है। पुलिस के लिए यह वीडियो अब जांच का सबसे अहम और निर्णायक हिस्सा बन चुका है। इसके अलावा पुलिस को दोनों के बीच हुई वॉट्सएप चैट भी मिली है।

योजना बनाकर रात में फोन करके बुलाया

परिजनों का आरोप है कि संदीप को सोमवार रात करीब 10 बजे एक सोची-समझी साजिश के तहत फोन करके दुर्गा माता मंदिर चौक के पास बुलाया गया था। वहां पहले से घात लगाए बैठे दो युवकों ने उस पर हथियारों से हमला कर दिया और उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए। इससे पहले कुछ दिन पूर्व युवती के परिजन संदीप के घर भी आए थे और उसे समझाने की कोशिश की थी, जिसके बाद मामला शांत लग रहा था।

एसएचओ का बयान: साक्ष्यों के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई

सिटी थाना के एसएचओ बलराज सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में युवाओं के बीच आपसी विवाद की बात पुख्ता हुई है। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस अब मृतक के मोबाइल चैट, परिजनों द्वारा सौंपे गए वीडियो और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर तकनीकी साक्ष्यों को जोड़कर आगे की कार्रवाई कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments